मोदी कैबिनेट ने किसानों को दिया तोहफा, रबी फसलों की MSP बढ़ाई, पीएम मोदी ने कहा- जय किसान

कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की सिफारिशों को मानते हुए मोदी सरकार ने रबी की फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि करने का फैसला कर लिया है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। ...

नई दिल्‍ली, एएनआइ। मोदी सरकार ने किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। गेहूं और चना जैसी सभी सबी फसलों की न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य (MSP) बढ़ा दी गई है। इससे लाखों किसानों को लाभ होगा। कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की सिफारिशों को मानते हुए मोदी सरकार ने रबी की फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि करने का फैसला कर लिया है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एमएसपी बढ़ाए जाने के अवसर पर कहा, अन्नदाताओं के हित में काम करने की हमारी प्राथमिकताओं के अनुरूप कैबिनेट ने एमएसपी बढ़ाने का एक और ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इससे करोड़ों किसान लाभान्वित होंगे। अधिक एमएसपी जहां किसानों को सशक्त करेगी, वहीं उनकी आय दोगुनी करने में भी मदद करेगी। कृषि सुधारों को संसद की मंजूरी के साथ बढ़ी हुई एमएसपी से अन्नदाताओं की गरिमा और समृद्धि सुनिश्चित होगी। जय किसान!

इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, कि पिछले 6 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एमएसपी में लगातार वृद्धि की गई है। इससे एमएसपी के प्रति जो ग़लतफ़हमी है वह दूर हो जानी चाहिए। मैं मानता हूँ कि किसानों के हित में मोदी जी के नेतृत्व में जो फ़ैसले लिए गए हैं वे कृषि और किसान-कल्याण की दृष्टि से मील का पत्थर रहे हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने रबी की कई फसलों की एमएसपी में बड़ी वृद्धि का जो फ़ैसला लिया है, वह किसानों के हितों के संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिचायक है। यह वृद्धि स्वामीनाथन कमीशन की भावना के अनुरूप है।

दरअसल, मोदी सरकार ने किसानों की आमदनी 2022 तक दोगुनी करने के लक्ष्य रखा है। सरकार अब उसी दिशा की ओर बढ़ रही है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में यह तय माना जा रहा है था कि रबी फसल की एमएसपी में वृद्धि होना तय है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज