केंद्र और यूपी में भाजपा लेकिन गांव में सड़क सपा की बनाई है: राजीव राय

मऊ। रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के सरदारपुर गांव में हरि प्रसाद के घर पर आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी तथा इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी राजीव राय ने कहा कि 10 वर्ष से केंद्र में और पांच वर्ष से यूपी में भाजपा की सरकार है लेकिन आपके गांव में जो सड़क सपा सरकार में बनी, उसके बाद से कोई निर्माण नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार ने सौ रुपए का अनाज देकर गैस का दाम बढ़ा दिया गया। जब चूल्हा नहीं जलेगा तो खाना कैसे बनेगा। उन्होंने सांसद बाल किशुन चौहान की क्षेत्र में उपलब्धता को लेकर क्षेत्रवासियों से प्रश्न किया। गांव वालों ने कभी भी उनके नहीं आने की बात कही। उन्होंने बार-बार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने पर प्रश्न उठाते हुए लोगों से पूछा इस सरकार को कब लीक करेंगे तो लोगों ने कहा कि इस बार ही।

सपा के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने सरकार पर किसानों, गरीबों, मजलूमों का शोषण करने का आरोप लगाया। उन्होंने यूरिया की कीमत बढ़ाने तथा मात्रा घटाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार हमारे आर्थिक स्रोतों को चूस रही है। 25 साल से आपने अपने सांसद के दर्शन नहीं किये हैं लेकिन राजीव राय आपके हर सुख दुख में मौजूद रहेंगे।

सपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी डॉ अरविन्द राजभर पर व्यंग कसते हुए कहा कि जो कि हर रात शौहर बदलती रहें, ऐसी दुल्हन का कैसे भरोसा करूं? उन्होंने आज के हालात को इमरजेंसी से बदतर बताया। उन्होंने कहा कि आज ईडी और सीबीआई भाजपा की नौकर बन गई है। लोकतंत्र समाप्त हो रहा है। इस्लाम, पप्पू सिंह, रमाशंकर यादव, रामबली यादव, गोलू यादव, नसीम, मुन्ना, अल्लाहू आदि ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज