भाजपा जब हारने वाली होती है तब देश खतरे में पड़ जाता है: राजीव राय

समाजवादी पार्टी तथा इंडिया गठबंधन की रसड़ा में हुई बैठक

राजीव राय लोगों के सुख-दुख, कोरोना काल, विदेश में फंसे बच्चों को लाने को क्षेत्र में रहे सक्रिय

मऊ। समाजवादी पार्टी तथा इंडिया गठबंधन के घोसी लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी राजीव राय ने शनिवार को रसड़ा में आयोजित बैठक में कहा कि आज जितना शोषण हो रहा है, भारत के इतिहास में उतना कभी नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि संविधान को मानने वालों तथा न मानने वालों में मंथन चल रहा है। देश धीरे-धीरे तानाशाही की तरफ बढ़ रहा है। एससी-एसटी पर अत्याचार तथा महिला उत्पीड़न में यूपी नम्बर वन है। शिक्षा, स्वास्थ्य में भी पिछड़ रहा है। भाजपा जब हारने वाली होती है तब हिन्दू खतरे में पड़ जाता है। ऐसे लोगों को सत्ता से उतार कर कह देना चाहिए आपके चलते देश खतरे में है। नौकरियां खत्म कर दी जा रही हैं जिससे आपका बच्चा पढ़ लिख नहीं पाए। पढ़ लिख लेगा तो वह प्रश्न पूछेगा। भाजपा को प्रश्न पूछने वाले अच्छे नहीं लगते। इसलिए ही पेपर लीक कराकर, हाईकोर्ट में केस कराकर नियुक्ति नहीं होने दी जा रही है।

सपा के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने लोगों से संगठित होकर राजीव राय के पक्ष में मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि राजीव राय लोगों के सुख-दुख में, कोरोना काल में, विदेश में फंसे बच्चों को लाने में, अनाथ बच्चों को शिक्षा दिलाने के लिए लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह पढ़े-लिखे हैं। बड़ी -बड़ी शिक्षण संस्थाएं चलाते हैं। इन्हें संसद में भेजने से घोसी और रसड़ा की आवाज संसद में बुलंद होगी। क्षेत्रहित में कुछ नया हो सकेगा।

सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र राजभर ने कहा आज हम जिस लड़ाई को लड़ रहे हैं, वह अकेली सपा की नहीं है। इस समय बाबा साहेब डॉ अंबेडकर का संविधान खतरे में है। आज यदि हम नहीं संभले तो अगला चुनाव नहीं होगा। पूर्व मंत्री भूराराम के पुत्र सोनू ने देश में बैठे गद्दारों से लड़ने का एकमात्र हथियार वोट की ताकत को बताया। उन्होंने कहा कि हमारे विपक्ष में खड़े प्रत्याशी घुटने टेक चुके हैं तो वह आपकी बात क्या करेंगे। जिला पंचायत सदस्य शारदा भारती ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि 2040 तक भारत स्मार्ट भारत बन जाएगा जबकि इस समय देश हत्या और बलात्कार में विश्व गुरु बन चुका है। चार मई को दो आदिवासी महिलाओं को बलात्कार के बाद बिना कपड़ों के जुलूस में घुमाया गया। उनके परिवार की हत्या कर दी गई। ऐसे ही ललितपुर थाने में दलित लड़की का बलात्कार हुआ। समाजवादी महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष कंचन भारती ने प्रत्याशी राजीव राय को जिताने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को बसपा जिलाध्यक्ष शिव नारायण बागी, चिलकहर के पूर्व ब्लाक प्रमुख संजय यादव, डॉ राजेश गौतम, जयराम प्रसाद, संजय पासवान सहित कई अन्य लोगों ने संबोधित किया जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष मुन्ना यादव, त्रिवेणी राय, जयराम प्रसाद, डॉ संजय, बसपा के शिव नारायण बागी, रामजनम, मोतीलाल, संजय पासवान, डॉ राजेश गौतम सहित तमाम लोग मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज